गरीबों के हिस्से का अनाज कोटेदार बाजार में बेंच रहे हैं। यह खुलासा रविवार को हरिहरगंज में गल्ला व्यापारी के यहां कोटे का गेहूं पकड़े जाने पर हुआ है। इस मामले में जिला पूर्ति अधिकारी ने कोटेदार, गल्ला व्यापारी तथा इक्का चालक के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरु कर दी है।
जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्र के मुताबिक सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत शेखरपुर के ग्रामीणों ने फोन पर कोटेदार धनुषधारी द्वारा कोटे का गेहूं गल्ला व्यापारी अनिल के हाथ बेचे जाने की सूचना दी।
हरिहरगंज में घोड़ागाड़ी पर 15 बोरी गेहूं मिला। घोड़ागाड़ी चालक बुद्धूराम ने बताया कि गेहूं गल्ला व्यापारी अनिल का है। यह गेहूं शेखरपुर के कोटेदार धनुषधारी पांडेय के यहां से लाया गया। बरामद गेहूं सील कर दिया गया।
कोटेदार धनुषधारी पांडेय, गल्ला व्यापारी अनिल तथा घोड़ागाड़ी चालक बुद्धूराम के खिलाफ ईसी एकट के तहत केस दर्ज कराने के लिए डीएम से अनुमति मांगी गई है।