नवाबगंज। गन्ना लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। गन्ना व ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
माझा राठ गांव निवासी नंदकिशोर उर्फ बुद्धू (40) शनिवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली पर गन्ना लादकर मसौधा शुगर मिल अयोध्या जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कटरा शिवदयालगंज से बस्ती मार्ग पर वेदांत अस्पताल के पास रात करीब 08:30 बजे ट्रैक्टर के अगले दाहिने पहिये का टायर अचानक फट गया। इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बुद्धू ट्रैक्टर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बुद्धू को ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद काफी देर तक जाम लगा रहा, जिसे पुलिस ने किसी तरह खुलवाया।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पत्नी व मां का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे में बुद्धू की मौत से पत्नी धरमशीला व मां गौरा देवी रो-रोकर बेहाल हैं। बुद्धू पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पांच बच्चे कर्मवीर, धर्मवीर, पप्पू, चावली व शिवांशी हैं।