नवाबगंज-नगवा मार्ग पर एक राइस मिल के पास बुधवार देर शाम साइकिल सवार दो मासूम बच्चियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत मौके से भाग निकला। इस मामले में थाना नवाबगंज में अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली व चालक की तलाश में जुटी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के नगवा गांव के मजरा बाबा ज्ञानदास पुरवा का रहने वाला घम्मन बुधवार देर शाम अपनी बेटी पुष्पा (5) और भतीजी अंशिका (6) को साइकिल पर बिठाकर नवाबगंज बाजार के लिए घर से निकला था।
जब वह नवाबगंज-नगवा मार्ग पर एक राइस मिल के सामने पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल में साइड मार दी, जिससे पुष्पा व अंशिका साइकिल से उछलकर ट्रॉली के पहिए के नीचे जा गिरीं। हादसे मेें दोनों की ट्रॉली के नीचे कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत मौके से भाग निकला। इस मामले में घम्मन ने थाना नवाबगंज में अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ तहरीर दी है। थाना नवाबगंज के प्रभारी सुदामा यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली और चालक की तलाश की जा रही है।