गोंडा। यूपी बोर्ड के परीक्षा परिणाम में हाईस्कूल में जिले ने कामयाबी हासिल की है। बीते साल हाईस्कूल में जिले को प्रदेश में 30वां स्थान मिला था, इस बार जिले को आठवां स्थान मिला है। इस पर अधिकारियों ने प्रसन्नता जाहिर की है।
वर्ष 2024 में हाईस्कूल में कुल 51 हजार 452 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, इनमें से 43,237 ने परीक्षा में सफलता हासिल की थी। उस समय हाईस्कूल के परीक्षा परिणाम में गोंडा को प्रदेश में 30वां स्थान मिला था। इस बार की बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन ने काफी सारे प्रयास किए। स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कीं, नतीजा सार्थक रहा।
इस साल कुल 49 हजार 362 विद्यार्थियों में से 45,903 ने परीक्षा दी। इसमें से 43,060 ने सफलता हासिल की है। यानि की 93.81 फीसदी परीक्षार्थियों ने कामयाबी हासिल की है। इस बार गोंडा को प्रदेश में आठवां स्थान मिला है। माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व मंडलीय मंत्री विनय कुमार शुक्ला ने कहा कि परीक्षा परिणाम अपेक्षा के अनुरूप रहा। इसे और बेहतर करने का प्रयास किया जाएगा।
कभी नकल के लिए जाना जाता था गोंडा
गोंडा की पहचान कभी नकल को लेकर होती थी। यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2017 में एक जनसभा में इस पर चिंता जताई थी। इसके बाद काफी योजनाएं तैयार की गईं। उस वक्त के तत्कालीन डीएम आशुतोष निरंजन ने नकल को लेकर विशेष अभियान चलाया था। इसके बाद गोंडा अब धीरे-धीरे अपनी साख बदलने में जुटा हुआ है।