गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रदेश स्तर से गोंडा के 22 नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों और कटरा बाजार के बाल विकास परियोजना कार्यालय का लोकार्पण करेंगे। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि 30 मार्च को जिला पंचायत सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद, विधायक समेत जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। लोकार्पण के साथ ही जिले की सात चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों के शुरू होने से बच्चों को पोषण, प्री-स्कूल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर तरीके से मिल सकेंगी। वहीं, कटरा बाजार के बाल विकास परियोजना कार्यालय के लोकार्पण से अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य संचालन में सुविधा मिलेगी।