शारदीय नवरात्र के पूर्व शुरू हुई शहर के मालवीयनगर सहित विभिन्न रामलीला मैदानों में मंगलवार को लंकाधिपति रावण का वध किया जाएगा। पंतनगर, रानीबाजार व जिले के करनैलगंज, धानेपुर, मनकापुर, नवाबगंज सहित विभिन्न स्थलों पर चल रही रामलीला में सोमवार की शाम लक्ष्मण को शक्ति लगी, जिस पर हनुमान जी ने संजीवनी बूटी लगाकर उनकी मूर्छा को दूर कर दिया।
मंगलवार को रामलीला मैदान में राम, लक्ष्मण अपनी सेना के साथ मैदान में उतरकर मेघनाथ कुंभकरण व रावण का वध करेंगे। यहां करनैलगंज की रामलीला काफी मशहूर है, जिसमें सबसे ऊंचे पुतले बनाए जाते है।
इसके अलावा शहर के मालवीयनगर व पंतनगर की रामलीला सबसे पुरानी रामलीला में शुमार मानी जाती है। यहां रावण, कुंभकरण, मेघनाथ के पुतले काफी ऊंचे बनाए जाते हैं। रामलीला के दौरान राम की सेना जब युद्ध के लिए चलती है तो पंतनगर, मालवीयगनगर व करनैलगंज में राम व उनकी सेना की शोभायात्रा निकाली जाती है। शोभायात्रा में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 20 स्थानों पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। शाम चार बजे मालवीय नगर, पंतनगर, करनैलगंज, धानेपुर, मनकापुर, मसकनवा, खरगूपुर सहित अन्य स्थानों पर जहां रामलीला का मंचन हो रहा है, वहां रावण का वध किया जाएगा। रावण का वध करने से पहले इन रामलीला मैदानों से होकर देवी प्रतिमाएं गुजरेंगी और राम लक्ष्मण सहित अन्य लोग इन प्रतिमाओं की आरती उतारेंगे।