मामूली बात पर पति ने पत्नी पर सोमवार को तेजाब फेंक दिया और स्वयं गांव के पास एक तालाब में छलांग लगा दी। तेजाब के हमले से महिला झुलस गई। आननफानन परिवारीजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।
परसपुर के थानाध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम सरैंया डीह निवासिनी नीलू (25) पर सोमवार को उसके पति संजय ने किसी बात को लेकर तेजाब डाल दिया। इसके बाद संजय गांव के पास एक तालाब में कूद पड़ा।
ग्रामीणों ने उसे निकाला तो वह कहीं भाग गया। एसओ ने बताया कि संजय विक्षिप्त है। उसका इलाज लखनऊ में चल रहा है। नीलू पर तेजाब फेंकने के बाद वह खुद गांव के पास एक तालाब में कूद गया।
तेजाब डाले जाने के बाद महिला झुलस कर घायल हो गई। लोग उसे करनैलगंज पीएचसी पर ले गए। वहां से फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जाता है उसकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया है। थानाध्यक्ष देवेन्द्र सिहं ने बताया कि मामले में अभी किसी तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की पड़ताल की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।