परसपुर। तीन शातिर बदमाशों को डकैती की साजिश रचते सोमवार की देर रात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है।
थानाध्यक्ष परसपुर राम अवतार सिंह यादव ने बताया कि सोमवार की रात स्वॉट व सर्विलांस टीम परसपुर क्षेत्र में अपराधियों की सुरागरसी में आई थी। वह भी भ्रमण पर निकले थे तभी सूचना मिली कि राजा के तुलसी जन्मस्थली के समीप स्थित स्कूल के पास कुछ अपराधी डकैती की साजिश बना रहे हैं।
इसी सूचना पर वहां दबिश देकर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम पवन कुमार पासी उर्फ गुड्डू निवासी कदियापुर करनैलगंज, पल्लू पासी निवासी इकनिया पसका परसपुर व पटमेश्वरी निवासी खालेपुरवा चरसड़ी परसपुर बताया।
थानाध्यक्ष के मुताबिक तलाशी में पवन के पास से 12 बोर का तमंचा 3 कारतूस, पल्लू के पास से 12 बोर एक तमंचा 2 कारतूस व पटमेश्वरी के पास 12 बोर का एक तमंचा व एक कारतूस बरामद हुआ है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पवन के पवन पर 2, पल्लू पर 5 व पटमेश्वरी के खिलाफ गोंडा व बाराबंकी के चार थानों में डकैती, छिनैती, चोरी व गैंगरेप समेत कई मामले दर्ज हैं।