गोंडा। माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकलीं कुशीनगर की तीन किशोरियां रविवार को रेलवे स्टेशन पहुंचीं और बरौनी-चंडीगढ़ विशेष ट्रेन में सवार हो गईं। टीटीई की सूचना पर आरपीएफ ने तीनों को गोंडा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर पूछताछ की। इसके बाद तीनों को चाइल्ड लाइन के सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अनिरुद्ध राय ने बताया कि ड्यूटी के दौरान लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि ट्रेन के ए-2 कोच में तीन किशोरियां यात्रा कर रही हैं। टीटीई ने पूछताछ के बाद उन्हें कोच में बैठाया था। ट्रेन गोंडा स्टेशन पर पहुंची तो मुख्य आरक्षी ओमप्रकाश शर्मा व आरक्षी अमन कुमार त्रिपाठी कोच में पहुंचे और किशोरियों को उतारकर आरपीएफ पोस्ट ले गए। वहां आरक्षी जयंती मिश्रा की निगरानी में उन्हें रखा गया। इसके बाद रेलवे चाइल्ड लाइन के सुपरवाइजर अमित पांडेय और अलका पांडेय की मौजूदगी में किशोरियों से पूछताछ की गई। तीनों ने बताया कि वे माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर से निकली थीं और हरियाणा जा रही थीं। (संवाद)