बालपुर(गोंडा)। करंट लगने से मंगलवार को स्नातक के छात्र हर्ष सिंह (18) की मौत हो गई। हड़ियागाड़ा निवासी रघुवीर सिंह अंबेडकर नगर में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। मंगलवार को दोपहर उनका बेटा हर्ष खेत में पानी लगाने के लिए गया था। वहां पर वह करंट की चपेट में आ गया। हालांकि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई।
हर्ष अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बीए में पढ़ाई के साथ ही वह खेती करते थे। उनके बड़े भाई युवराज नोएडा में नौकरी करते हैं। पिता व भाई को सूचना दी गई है। वहीं, मां शीला व कक्षा आठ में पढ़ाई कर रहे छोटे भाई हर्षित समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा है। अवर अभियंता विद्या सागर ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मौके की छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।
करंट की चपेट में आने से दो की मौत
उमरीबेगमगंज/खरगूपुर (गोंडा)। बरौली अहिरनपुरवा निवासी राधेश्याम यादव (30) की मंगलवार को करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पत्नी सुनीता ने सूचना दी है। मामले की गहनता से छानबीन की रही है।
लोनावा दरगाह के रसूल पुरवा निवासी बेचन राम वर्मा (44) सोमवार देर शाम गांव के बाहर लगे खंभे को पकड़ने पर करंट की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि बेचन की पत्नी रीता ने सूचना दी है।