गोंडा। जिले में शनिवार व रविवार को हुए सड़क हादसों में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई। वाहनों की तेज रफ्तार व यातायात नियमों के प्रति बेपरवाही हादसों का सबब बन रही है मगर न तो लोग जागरूक हो रहे हैं और न ही संबंधित महकमे अपनी जिम्मेदारी के प्रति सजग हो रहे हैं। नतीजतन हादसों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।
महिला की डंपर से कुचलकर मौत
विश्नोहरपुर (गोंडा)। रिश्तेदारी में बुजुर्ग के निधन की सूचना पर रविवार सुबह देवर के साथ बाइक से उनके घर जा रहीं लौव्वावीर के तिवारी पुरवा निवासी रेखा देवी (30) नवाबगंज में परसापुर के पास डंपर की चपेट में आ गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके देवर मामूली रूप से घायल हुए हैं।
परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह आठ बजे रेखा देवी अपने देवर राजकरन के साथ वजीरगंज के अनभुला गांव में रिश्तेदारी में बुजुर्ग की मौत होने पर शोक संवेदना प्रकट करने जा रही थीं। नवाबगंज में अयोध्या मार्ग पर परसापुर के पास रोडवेज बस को ओवरटेक करते समय बाइक सामने से आ रहे डंपर की चपेट में आ गई। इससे रेखा बाइक से गिरकर डंपर से कुचल गईं और राजकरन सड़क के दाहिनी ओर गड्ढे में गिर गए। रेखा की मौके पर ही मौत हो गई। राजकरन काे मामूली चोट ही आई। पुलिस ने चालक को डंपर समेत पकड़ लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।
रेखा के पति शुभकरन हिमाचल प्रदेश में रहते हैं। रेखा के परिवार में तीन बच्चे शुभम (10), सलोनी (7) व सूरज (5) हैं। रेखा की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे भी बिलख रहे हैं।
ससुराल जा रहे युवक की टैंकर की चपेट में आने से मौत
विश्नोहरपुर (गोंडा)। होली के बाद पत्नी पिंकी को मायके से लाने जा रहे लौव्वावीर के पूरे माफी निवासी रामबक्श शर्मा (28) की शनिवार देर शाम नवाबगंज के परसापुर में टैंकर की चपेट में आने से मौत हो गई। इस दौरान उनका हेलमेट टूटकर दूर जा गिरा।
शनिवार शाम सात बजे रामबक्श शर्मा अपनी पत्नी पिंकी को लेने के लिए वजीरगंज के अचलपुर जा रहे थे। अयोध्या मार्ग पर परसापुर के पास सामने से आ रहे टैंकर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इससे रामबक्श गंभीर रूप से घायल हो गए। सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज में लाने के बाद उनकी मौत हो गई। रामबक्श पंजाब में फर्नीचर का काम करते थे। वह तीन माह पहले घर आए थे। पिता पारसनाथ ने बताया कि उनके पांच बेटे व तीन बेटियों में रामबक्श सबसे बड़े थे। रामबक्श के तीन बच्चे अंशिका (07), आशुतोष (05) व छह माह का मासूम रियांश है। हादसे से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परसापुर में 24 घंटे के भीतर दूसरी दुर्घटना
स्थानीय लोगों ने बताया कि परसापुर में 24 घंटे के भीतर दो हादसों में एक ही गांव के दो लोगों की जान चली गई। आरोप लगाया कि दुर्घटना बहुल क्षेत्र होने के बावजूद बचाव के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। ऐसे में इस मार्ग पर चलना खतरनाक साबित हो रहा है।
तेरहवीं में जा रही महिला की एसयूवी की चपेट में आने से मौत
मोतीगंज (गोंडा)। दर्जीकुआं-मनकापुर मार्ग पर गोविंद पारा के पास शनिवार को मां की तेरहवीं में मायके जा रहीं खरगूपुर के पिपराभोधर निवासी लखराजी (55) की एसयूवी की चपेट में आने से मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
पिपराभोधर निवासी केशवराम ने बताया कि शनिवार दोपहर तीन बजे पत्नी लखराजी रिश्तेदार सौरभ के साथ मायके जा रहीं थीं। रविवार को लखराजी को अपनी मां फूलकला की तेरहवीं में शामिल होना था। मायके से पांच सौ मीटर पहले मनकापुर की ओर से आ रही अज्ञात एसयूवी से बाइक की टक्कर हो गई। इससे लखराजी व सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान लखराजी की मौत हो गई। वहीं, हादसे के बाद चालक एसयूवी समेत भाग गया।
नगर कोतवाल संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लखराजी के परिवार में पति केशवराम, बेटे कैलाशनाथ, वशिष्ठ लाल और भरतलाल हैं।