गोंडा। जिले में संक्रामक रोगों का दायरा बढ़ रहा है। मुजेहना और बेलसर क्षेत्र में डेंगू और स्क्रब टाइफस के तीन मरीज मिले हैं। इन्फ्लुएंजा के तीन और संदिग्ध मरीजों की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित क्षेत्रों में सत्यापन और निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, निजी अस्पतालों से इन्फ्लुएंजा से बीमार तीन लोगों की सूचना मिली है। तीनों में सर्दी-जुकाम के लक्षण बताए गए हैं। स्वास्थ्य टीमें मरीजों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई कर रही हैं। विभाग के अनुसार, जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 15 मरीज मिल चुके हैं।
उधर, मुजेहना और बेलसर क्षेत्र में डेंगू और स्क्रब टाइफस के तीन मरीज मिले हैं। मरीजों की जांच एससीपीएम हॉस्पिटल, गोंडा और मेदांता, लखनऊ में हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। एसीएमओ डॉ. सीके वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को मरीजों का 48 घंटे के भीतर सत्यापन कराने और निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई की रिपोर्ट राज्य स्तर पर भेजने को भी कहा गया है।
बचाव के लिए क्या करें
घर और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, पुराने टायर, बर्तन आदि की नियमित सफाई करें, ताकि मच्छरों के पनपने की जगह न बने। बुखार होने पर खुद से दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। तेज बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने में देरी न करें।