गोंडा। करनैलगंज क्षेत्र के पाल्हापुर गांव में संचालित निजी प्रसव केंद्र में सेवानिवृत्त एएनएम की लापरवाही ने एक मां की गोद उजाड़ दी। यहां एकसाथ जन्मे तीन बच्चों की मौत हो गई। जिसकी शिकायत गांव के प्रेमदास ने सीएमओ से की है।
पाल्हापुर की उर्मिला तिवारी चचरी स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम पद से सेवानिवृत्त हैं। अब वह अपने घर से 100 मीटर दूर प्रसव केंद्र संचालित करती हैं। वहां पिछले दिनों गांव की ही गर्भवती सुनीता जांच कराने गई थी। उसके गर्भ में तीन बच्चे पल रहे थे। आरोप है कि तीनों बच्चों की गर्भ में ही हालत बिगड़ने लगी।
इसके बावजूद उर्मिला ने प्रसव कराया। उसने उन्हें जिला अस्पताल या कहीं अन्य अस्पताल रेफर नहीं किया। इसके चलते दो बच्चों की मौत हो गई। वहीं, एक बच्चे की हालत नाजुक होने के बाद परिजन उसे जिला महिला अस्पताल ले गए। जहां उसे आईसीयू में रखा गया, मगर इलाज के दौरान तीसरे बच्चे की भी मौत हो गई। इससे पूरे परिवार में मातम छा गया। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने बताया कि मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।