गोंडा। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली की रिकॉर्ड मांग ने बिजली विभाग की चिंता बढ़ा दी है। शहर के तीन प्रमुख विद्युत उपकेंद्र अंबेडकर चौराहा, जेल रोड और पूरे शिवा बख्तावर इन दिनों अपनी निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक लोड झेल रहे हैं।
बिजली विभाग के आंकड़ों के अनुसार अंबेडकर चौराहा स्थित सिविल लाइन विद्युत उपकेंद्र पर लगे 10 एमवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर की निर्धारित क्षमता 350 एम्पियर है, जबकि वर्तमान में इससे 470 एम्पियर से अधिक बिजली आपूर्ति ली जा रही है। इसी तरह जेल रोड उपकेंद्र पर स्थापित 20 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता 800 एम्पियर है, लेकिन उस पर करीब 1100 एम्पियर का लोड दर्ज किया जा रहा है।
पूरे शिवा बख्तावर विद्युत उपकेंद्र की स्थिति भी कम चिंताजनक नहीं है। यहां पांच एमवीए ट्रांसफार्मर की क्षमता 170 एम्पियर है, जबकि मौजूदा समय में करीब 250 एम्पियर तक लोड पहुंच चुका है। इसके अलावा आर्यनगर, कटरा बाजार, परसपुर और बेलसर समेत कई अन्य उपकेंद्रों पर भी बिजली खपत में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल आपूर्ति व्यवस्था नियंत्रण में है। बढ़ते लोड को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।