परसपुर। भौरीगंज में सोमवार रात दो पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। घटना में तीन लोगों को चोटें आई हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक पक्ष के मो. शकील ने आरोप लगाया कि उनका पुत्र मो. शारिफ सोमवार रात मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहा था। रास्ते में मौला बक्श, अलताब, जावेद और अतीक उर्फ मुटरू ने उसे रोककर पीट दिया। बचाव में आई पुत्री आमिना को भी ईंट-पत्थर से चोट पहुंचाई गई। आरोप है कि छत की रेलिंग और दरवाजा भी तोड़ दिया गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए।
दूसरे पक्ष के जावेद ने मो. शकील आदि पर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कहासुनी के बाद विपक्षियों ने उनके घर पहुंचकर लाठी-डंडों से हमला किया और एसी, कुर्सी समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)