गोंडा। पुलिस ने कुछ दिन पूर्व छपिया क्षेत्र में एक व्यापारी के घर हुई लाखों की चोरी के वारदात का खुलासा किया है। अपर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि 13 सितम्बर को छपिया थाना क्षेत्र के कस्बा बभनान निवासी व्यापारी रघुनन्दन सिंह के फर्म की आफिस से 3.50 लाख रुपये चोरी हो गये थे। इस मामले में व्यापारी रघुनन्दन सिंह ने थाने में केस दर्ज कराया था।
प्रभारी निरीक्षक छपिया श्याम बहादुर सिंह व प्रभारी निरीक्षक अपराध शाखा मनीष कुमार ने पुलिस टीम के साथ रविवार को मुखिबर की सूचना पर नामजद आरोपी जिले के छपिया थाने के खम्हरिया गांव निवासी अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर उसके घर से 2.50 लाख रुपये व एक ही पंजीयन नम्बर की एक बाइक व एक स्कूटी बरामद की। उससे पूछताछ में चोरी की घटना को पुलिस को न बताने की शर्त पर 50-50 हजार रुपये लेने वाले बस्ती जिले के थाना पैकोलिया ग्राम चेतरा निवासी राम औतार व ओम प्रकाश के कब्जे से 50-50 हजार रुपये बरामद कर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया। एएसपी ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजवाया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।