गोंडा। देवीपाटन परिक्षेत्र के आईजी अमित पाठक ने सोमवार को मंडलीय सभागार में गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। टॉपटेन अपराधियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जनसुनवाई व समस्याओं के न्यायोचित समाधान में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
आईजी ने कहा कि थानों व चौकियों पर समुचित सुनवाई न होने से फरियादी मुख्यालय तक चक्कर लगाने पर मजबूर हो रहे हैं। जनसुनवाई में किसी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही आईजी ने महिला अपराध को लेकर पुलिस अधीक्षकों को सख्त निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि महिला अपराध से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने में कड़ी कार्रवाई के लिए संबंधित को तैयार रहना होगा। इसके साथ ही यातायात अभियान को जारी रखने के कड़े निर्देश दिए। पर्वों को लेकर भी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान गोंडा एसपी विनीत जायसवाल, बलरामपुर विकास कुमार, बहराइच एसपी राम नयन सिंह और श्रावस्ती एसपी घनश्याम चौरसिया मौजूद रहे।
भारत-नेपाल सीमा पर बरती जाए चौकसी
भारत नेपाल सीमा पर स्थानीय पुलिस को एसएसबी के साथ अभियान चलाकर चौकसी बरतने को कहा। कहा कि शरारती तत्वों को चिह्नित करें। प्रभावी कार्रवाई से कानून-व्यवस्था में बाधक बनने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।