झंझरी। शहर के पटेलनगर घोसियाना मेें रविवार रात चोरी की अफवाह फैलाकर अराजक तत्वों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान रंजिश में एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। चाकू व तलवार से हमला कर दिया। झगड़े में कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने किसी तरह से स्थिति पर काबू पाया।
पांडेय बाजार चौकी प्रभारी सुरेश कुमार यादव ने बताया कि रविवार रात 11 बजे पटेलनगर घोसियाना में चोरी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो घटना झूठी पाई गई। पता चला कि रंजिश में दो पक्षों के लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। चोरी की अफवाह फैलाई गई। एक-दूसरे की छत पर चढ़कर हंगामा व पथराव किया। पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। आरोप है कि चाकू व तलवार से हमले में कई लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि घोसियाना निवासी मंजूर आलम, नूर मोहम्मद, सज्जाद, सनी, जाबिर अली, आशिक अली, रईस अली उर्फ गोलू, शकील, अनीस, अब्दुल कादिर, अब्दुल तालिब उर्फ बब्लू, आफताब, चुनऊ उर्फ माजिद अली के खिलाफ नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें से आरोपी मंजूर आलम, अब्दुल कादिर, अब्दुल तालिब उर्फ बबलू व चुनऊ उर्फ माजिद अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। (संवाद)