गोंडा। देवीपाटन मंडल के जिलों में आगामी पर्व महाशिवरात्रि, होली, ईद-उल-फितर और राम नवमी के अवसर पर निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। इसके लिए देवीपाटन मंडल के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने सभी अधीक्षण व अधिशासी अभियाताओं को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को तत्काल दुरूस्त कराने के लिए कहा है।
मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने कहा, बिजली की सुचारू व्यवस्था के लिए प्रमुख मार्गों और स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। लटके हुए ढीले तार तत्काल ठीक किए जाएं। कोई भी खंभा जर्जर या गिरने की स्थिति में न हो। स्टेवायर में गे इंसुलेटर लगा हो। वितरण ट्रांसफार्मर की कार्यक्षमता की जांच की जाएगी और सुरक्षा की दृष्टि से उनके चारों ओर आवश्यक गार्डिंग की जाएगी। लोहे के खंभों में लीकेज करंट की जांच की जाएगी और नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत के सहयोग से आवश्यक सुधार कराए जाएंगे। सातों दिन 24 घंटे कंट्रोल रूम में सक्षम अधिकारियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार लगाई जाएगी।
टोल फ्री नंबर 1912 पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निपटारा किया जाएगा। जिला और पुलिस प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
चौराहों और रोड क्रॉसिंग पर होगी गार्डिंग
लंबी दूरी के स्पैन वाले स्थानों पर, जहां लाइन की ऊंचाई मानक से कम है, वहां पोल लगाकर ऊंचाई को मानक के अनुरूप लाया जाएगा। एलटी लाइनों में जहां बेयर कंडक्टर लगे हैं, वहां सेपरेटर लगाकर फॉल्ट की संभावना को कम किया जाएगा। मीडियम पावर ट्रांसफार्मर से कम से कम 2-3 सर्किट निकाले जाएंगे। चौराहों और रोड क्रॉसिंग पर 11 केवी और 33 केवी लाइनों की गार्डिंग सुनिश्चित की जाएगी। विद्युत आपूर्ति में व्यवधान न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर पूरी विद्युत प्रणाली का परीक्षण कर किसी भी ब्रेकडाउन या लोकल फॉल्ट की पहचान कर उसे ठीक किया जाएगा।