इटियाथोक। सीएमओ डॉ. संतलाल ने शुक्रवार को सीएचसी का निरीक्षण किया। संस्थागत प्रसव पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यदि प्रसव एंबुलेंस में ही हो जाए, तो प्रसूता को अनिवार्य रूप से अस्पताल में भर्ती कर आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने लेबर रूम रजिस्टर में प्रत्येक प्रसूता का विवरण दर्ज करने और उन्हें जननी सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। सभी पात्र गर्भवती महिलाओं को प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना से जोड़ने पर बल दिया। सीएमओ ने प्रसव कक्ष सहित पूरे सीएचसी परिसर की नियमित सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए। इस दौरान एसीएमओ डॉ. सीके वर्मा, अधीक्षक डॉ. सुनील पासवान, एसपी द्विवेदी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। वहीं, मुजेहना सीएचसी में परिवार कल्याण कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार को जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। अधीक्षक डॉ. सुमन मिश्रा ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मियों को लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। डॉ. विवेक मिश्र सहित अन्य मौजूद रहे। (संवाद)