गोंडा। पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच जिले में मतदाता सूची की खामियां एक बार फिर उजागर होने लगी है। दो चरणों की जांच के बाद प्रकाशित सूची में भी 8.63 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। इसे दुरुस्त बनाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने एक बार फिर से प्रकाशित सूची का सत्यापन कराने का निर्देश दिया है। सूचियों के पुन सत्यापन का कार्य 21 अप्रैल से 28 मई तक संचालित होगा। इसके बाद फिर से नई संशोधित सूची का प्रकाशन होगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने आयोग से प्राप्त सूची को डाउनलोड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके बाद तहसील और ब्लॉक स्तर पर जांच अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इस बार सत्यापन कार्य को अधिक सख्ती और पारदर्शिता के साथ पूरा कराने की तैयारी है, ताकि अंतिम मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाया जा सके। मतदाता सूची में लगातार मिल रही खामियों को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने अंतिम प्रकाशन की तिथि बढ़ाकर अब 10 जून कर दी है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस दौरान आधार कार्ड के अंतिम चार अंक जुटाए जाएंगे और डाटा का मिलान कर डुप्लीकेट नामों को हटाया जाएगा। पूरी प्रक्रिया की फीडिंग तहसील स्तर पर की जाएगी।
सूची पहले की जांच पर उठे सवाल
तहसील और ब्लॉक स्तर पर पहले कराई गई दो जांचों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं। कई मामलों में जांच सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई, जिसके कारण बड़ी संख्या में डुप्लीकेट नाम अब भी सूची में बने हुए हैं। एडीएम आलोक कुमार ने कहा कि निर्वाचन कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
एक नजर में
जिला संभावित डुप्लीकेट
गोंडा 863951
बहराइच 800670
बलरामपुर 434348
श्रावस्ती 178350
(आंकड़ा स्रोत- निर्वाचन कार्यालय)