गोंडा। जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार रात आयुक्त कार्यालय परिसर में अज्ञात चोरों ने अधिवक्ताओं के टिनशेड के चैंबर का ताला तोड़ डाला और प्लास्टिक की कुर्सियां, चादर आदि उठा ले गए। अधिवक्ताओं ने आयुक्त को प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
कमिश्नरी के वरिष्ठ अधिवक्ता रावेंद्र सिंह और शेर बहादुर सिंह ने देवीपाटन मंडल के आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में कहा है कि अज्ञात चोरों ने एक जनवरी की रात परिसर स्थित उनके चैंबर से प्लास्टिक की पांच कुर्सियां और चादर चोरी कर ली। वहीं अधिवक्ता नीरज तिवारी ने भी प्रार्थना पत्र देकर चैंबर का ताला तोड़कर कुर्सियां और पत्रावली चोरी करने की शिकायत की है। इसी परिसर में टी स्टाल के मालिक आकाश ने बताया कि चोर उनकी भट्ठी की सरिया भी उठा ले गए। अधिवक्ता राम शंकर पांडेय, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, इजहार अहमद खां, अतुल सिंह, शशि कुमार श्रीवास्तव, अफसर हुसैन जैदी, एपी सिंह, राकेश सिंह, विवेक पांडेय, राघवेंद्र सिंह आदि ने भी चोरी की घटना के खुलासे और परिसर की सुरक्षा चाकचौबंद कराने की मांग की है।