रुपईडीह (गोंडा)। घर से सब्जी लाने गए एक व्यक्ति का शव दूसरे दिन देर रात तालाब में उतराता दिखाई दिया। जिससे परिवार व गांव में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची कौड़िया थाना की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह घटना कौड़िया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गौंसिहा की है। कौड़िया थाना के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गौसिहा के निवासी दिनेश शुक्ला (35) चार अक्तूबर शाम को घर से सब्जी लाने के लिए मल्लापुर बाजार गए हुए थे। देर रात तक घर वापस न आने पर परिवारीजनों ने शनिवार सुबह से उनकी खोजबीन शुरू की।
देर शाम उनका शव गांव के ही मजरा नान्हू पुरवा के पास एक तालाब में दिखाई दिया। मृतक के भाई परवेज कुमार शुक्ल ने इसकी सूचना थाने पर दी। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पीएम के लिए भेजा है। मृत्यु का कारण पीएम रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगा।