कौड़िया थाना क्षेत्र के वनबाबा पुरवा में नहर पटरी के पास सात फरवरी को मिले युवक के अधजले शव के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पता चला है कि युवक को तेल छिड़ककर जलाने के भी प्रयास किए गए। पुलिस देवीपाटन, बस्ती के साथ ही अयोध्या व लखनऊ मंडल के जिलों से संपर्क कर युवक के शव की शिनाख्त के लिए प्रयास कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह का कहना है कि बुधवार तक लखीमपुर, बाराबंकी, बस्ती, सिद्धार्थनगर, अयोध्या और लखनऊ समेत आसपास के जिलों में समान उम्र के गुमशुदा लोगों के परिजन पहचान के लिए पहुंच चुके हैं। इसके बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। इसके साथ ही पुलिस हत्यारों को पकड़ने व युवक की पहचान के लिए आर्यनगर बाजार में लगे करीब डेढ़ दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाल चुकी है।
फुटेज के आधार पर कई संदिग्ध युवकों से पूछताछ चल रही है। पुलिस को घटना के दिन कार्यक्रम के साथ ही एक पार्टी में आए लोगों पर ही हत्या के बाद शव को जलाने का शक गहरा गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि मृतक अज्ञात युवक किसी दूसरे जनपद का हो सकता है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जल्द ही खुलासा किया जाएगा।