करनैलगंज में पानी की टंकी से उतरे युवक को ले जाती पुलिस। -संवाद
गोंडा। करनैलगंज कोतवाली के समीप गोंडा-लखनऊ हाइवे के किनारे बनी पानी की टंकी पर शनिवार सुबह दस बजे एक युवक चढ़ गया और जमकर हंगामा काटा। युवक पट्टे की भूमि पर आवास बनाना चाहता है मगर पड़ोसी निर्माण नहीं होने दे रहा है। इसी से नाराज होकर वह पानी की टंकी पर चढ़ गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ के कार्रवाई के आश्वासन पर युवक नीचे उतरा। एसडीएम ने युवक के मामले के निस्तारण के लिए राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर भेजी है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के ठाकुरापुर गांव निवासी किशन शनिवार सुबह दस बजे पानी टंकी पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा। इस पर टंकी के पास भीड़ लग गई। लोगों ने उससे नाराजगी का कारण पूछा तो उसने टंकी के ऊपर से ही एक प्रार्थनापत्र फेंका। उसमें लिखा था कि वह आवासीय पट्टे की भूमि पर प्रधानमंत्री आवास बनाना चाहता है मगर उसके गांव के ही जगदंबा प्रसाद बनने नहीं दे रहे हैं। वह कई दिनों से इसकी शिकायत लेकर अधिकारियों के चक्कर काट रहा था। उसकी कहीं भी सुनवाई नहीं हुई तो वह पानी की टंकी पर चढ़ गया और वहां से कूदकर जान देने की चेतावनी देने लगा।
युवक के टंकी पर चढ़ने की सूचना पर पास ही स्थित आवास से परसपुर में समाधान दिवस में जा रहीं सीओ नवीना शुक्ला मौके पर पहुंचीं और उसे समझाने लगीं। सीओ ने अपना फोन नंबर देकर उससे बात की और समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बावजूद किशन उपजिलाधिकारी को मौके पर बुलाने व उनके आने पर ही उतरने की बात पर अड़ा रहा।
तकरीबन एक घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। फिर उपजिलाधिकारी हीरालाल के पहुंचने पर किशन टंकी से नीचे उतरा। उपजिलाधिकारी उसे अपने साथ करनैलगंज कोतवाली ले गए तथा पूरी समस्या सुनने के बाद राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर भेजी। उपजिलाधिकारी ने बताया कि टीम मौके पर गई है। किशन की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।