गोंडा। ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने के लिए दूसरा ट्रांसफार्मर लगाने गए कर्मचारियों को गांव के दबंगों ने मारपीट कर भगा दिया। इस मामले में पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाली करनैलगंज अंतर्गत ग्राम हरसिंगपुर निवासी पाटनदीन ने कोतवाली कटरा बाजार में दी तहरीर में कहा है कि वह अपने पुत्र सुनील कुमार के साथ मेसर्स विजय ट्रेडर्स फर्म में विद्युत लाइन निर्माण व ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि से संबंधित काम कर रहा है।
पांच फरवरी को फर्म ने उसे ग्राम बरांव स्थित मदरसा चौराहे पर पीडब्ल्यूडी की सरकारी भूमि में पूर्व से स्थापित डबल पोल पर रखे 10 केवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 25 केवीए ट्रांसफार्मर के क्षमता वृद्धि कार्य के लिये भेजा गया था। वह अपने सहयोगियों के साथ कार्य प्रारंभ करने जा रहा था।
उसी बीच ग्राम भैरमपुर लाला पुरवा निवासी कुछ दबंग किस्म के लोग पहुंचे और कार्य करने से मना कर दिया। कुछ लोगों ने डायल 112 की पुलिस को फोन करके बुला लिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने यह कहते हुये कार्य करने से मना कर दिया कि यह कार्य कल होगा।
दूसरे दिन सुबह वह अपने सहयोगियों के साथ दोबारा काम करने पहुंचा तो पहले से ही मौजूद दबंगों ने जाति सूचक गालियां देते हुए पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर दूसरे लोग मौके पर पहुंचे तब उसकी जान बची। पीड़ित ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किये जाने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक कटरा बाजार बृजेश कुमार पांडेय ने बताया कि उन्हें तहरीर भी नही मिली है।