रुपईडीह/गोंडा। आकांक्षी ब्लॉक रुपईडीह में स्वयं सहायता समूह के नाम पर हुए करोड़ों के घोटाले के दायरे में आई एक महिला ने बीते शनिवार को नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए ही निजी अस्पताल में इलाज कराया। महिला के स्वास्थ्य में सुधार है।
नाम न छापने के शर्त पर पति ने बताया कि समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर लौटने के बाद पत्नी ने आत्महत्या के इरादे से नींद की गोलियां खा लीं। बताया कि किसी से कोई शिकायत नहीं की। खरगूपुर थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि समूह की महिलाओं ने तहसील समाधान दिवस में शिकायत की थी। महिला की ओर से आत्महत्या के प्रयास के मामले में कोई सूचना नहीं है
यह है पूरा मामला
घोटाले की पुष्टि के बाद बीते 3 दिसंबर 2024 को सीडीओ अंकित जैन के निर्देश पर बीडीओ अभय कुमार सिंह ने ब्लॉक मिशन मैनेजर कुलदीप तिवारी समेत अन्य रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। इसके बाद ग्राम्य विकास आयुक्त ने ब्लॉक के अन्य समूहों के नाम पर घोटाले की आशंकाओं में जांच के निर्देश दिए। डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिलाओं को पूछताछ के लिए बुलाया गया। हालांकि महिलाएं बयान दर्ज कराने के लिए नहीं आ रही हैं।