मेडिकल कॉलेज में दवा लेने के लिए इंतजार करते मरीज। - संवाद
गोंडा। मौसम की मार से लोग बीमार हो रहे हैं। पीएचसी व सीएचसी से लेकर मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। ज्यादातर मरीज पेट संक्रमण, बुखार, उल्टी और दस्त से पीड़ित हैं।
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सोमवार को 1900 से अधिक मरीज आए। सुबह से ही परचा बनवाने और चिकित्सकों को दिखाने के लिए लोगों की कतारें लगी रहीं। कई मरीजों को तेज बुखार और डिहाइड्रेशन की शिकायत रही। शहर निवासी कलीम ने बताया कि बेटे को दो दिन से बुखार आ रहा है। डॉक्टर ने जांच लिखी है। शिवकुमार ने बताया कि पिता जी को उल्टी-दस्त की शिकायत है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आफताब आलम ने बताया कि छोटे बच्चों में वायरल फीवर तेजी से फैल रहा है। बच्चों में सर्दी, खांसी, बुखार और उल्टी-दस्त जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने अभिभावकों को बच्चों को धूप से बचाने, पर्याप्त पानी पिलाने और बाहर की खुली खाद्य सामग्री से दूर रखने की सलाह दी है। करनैलगंज संवाद के अनुसार सीएचसी में बीते एक सप्ताह से मरीजों की संख्या बढ़ गई है। पहले जहां दो ढाई सौ लोग आते थे, वहीं गर्मी में मरीजों का आंकड़ा 300 के पार हो गया है। चिकित्सक इलाज के साथ गर्मी से बचाव की सलाह दे रहे हैं।