गोंडा। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुई झमाझम बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दिलाई। सुबह ठंडी हवाओं और रिमझिम फुहारों के बीच मौसम सुहाना बना रहा, लेकिन दोपहर बाद धूप निकलने से हल्की उमस महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जिले में 65 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई।
बारिश से जहां मौसम खुशनुमा हो गया, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। झंझरी ब्लॉक के पास, आईटीआई रोड, पोर्टरगंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक के आसपास और अन्य निचले क्षेत्रों में सड़कें पानी में डूब गईं। राहगीरों और वाहन चालकों को पानी के बीच होकर गुजरना पड़ा, जिससे आवागमन प्रभावित रहा।
मेडिकल कॉलेज परिसर में भी जलनिकासी की व्यवस्था फेल नजर आई। परिसर में कई जगह पानी भर जाने से मरीजों और उनके तीमारदारों को इलाज के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ा। क्षेत्रीय निदान केंद्र के बाहर भी पानी जमा रहने से जांच कराने आए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मरीजों ने बताया कि बारिश के बाद हर बार यही स्थिति बन जाती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान भी जिले में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति और बढ़ सकती है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाने की अपील की है।