नवाबगंज विकास खंड के लोहिया समग्र ग्राम चौखड़िया में बीते दिन सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द से जल्द सड़क ठीक कराने की मांग की है।
क्षेत्र के चौखड़िया गांव में सीमेंटेड सड़क का निर्माण हो रहा है, परंतु इसमें घटिया सामग्री का प्रयोग करने से सड़क बनते ही उखड़ने लगी है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। ग्राम सभा में 30 लाख रुपये की लागत से 800 मीटर सीमेंटेड सड़क बननी थी।
इसमें करीब 150 मीटर सड़क बनने के बाद काम बंद हो गया। घटिया निर्माण के चलते यह सड़क जगह-जगह उखड़ने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार भूपेंद्र सिंह ने पूरा काम भी नहीं कराया और साइन बोर्ड लगाकर काम बंद कर दिया।
इससे गुस्साए ग्रामीणों ने बीते दिन गांव में प्रदर्शन कर सड़क ठीक कराने की मांग की। प्रदर्शन में कर्मराजी, संतोष कुमारी, पार्वती, किशना, संतराम, झगरू, चंपा, राजू, राजेश, सीमा, दिनेश, चंचल आदि शामिल हुए।