गोंडा। बजाज चीनी मिल के फिटर गजेंद्र की आत्महत्या के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी यूनिट हेड समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है। बुधवार को अवध केसरी सेना के पदाधिकारियों ने कमिश्नर व डीआईजी से मिलकर मांगपत्र सौंपा। कहा कि, गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। बजाज चीनी मिल कुंदुरखी किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का 150 करोड़ रुपये का भुगतान भी नहीं कर रही है। अवध केसरी सेना प्रमुख नीरज सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह व राष्ट्रीय महामंत्री नील ठाकुर ने कहा कि यदि 14 दिसंबर तक मांगें पूरी न हुईं तो मिल गेट पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान अमित मिश्र, सत्यम मिश्र, शुभम तिवारी, गंगेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।