खोड़ारे (गोंडा)। क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने बभनान पुलिस चौकी के पास एटीएम से पैसे निकाले। 500 के बीच 100 रुपये का एक नोट निकला तो उन्होंने टोल फ्री नंबर पर शिकायत की। जिसके बाद जालसाज ने झांसा देकर गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते से 77 हजार रुपये उड़ा दिए। मामले में एसपी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
क्षेत्र के तिलया खरदेवरी पाठक निवासी शिव श्याम पाठक ने एसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि बीते चार दिसंबर को बभनान पुलिस चौकी के पास स्थित एटीएम से रकम निकालने गए थे। इस दौरान 500 के बीच 100 रुपये का एक नोट निकला। उन्होंने तुरंत टोल फ्री नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। दूसरे दिन एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर समस्या का समाधान करने की बात कही। फिर वीडियो कॉल करके बैंक की गोपनीय जानकारी हासिल करके फोन काट दिया। शिव श्याम ने अपना बैंक अकाउंट चेक किया तो खाते से 77 हजार रुपये निकलने की जानकारी हुई। खोड़ारे थाने में शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने एसपी से गुहार लगाई। थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। (संवाद)