गोंडा। धानेपुर क्षेत्र में 23 दिन और सुभागपुर में नौ दिन से फुंके ट्रांसफार्मर बदले नहीं जा सके हैं। जेई व एसडीओ से लेकर अधिशासी अभियंता तक फोन नहीं उठा रहे हैं। ऐसे में भीषण गर्मी में लोग बेहाल हैं। जिले के कई अन्य इलाकों में भी कुछ इसी तरह के हालात हैं।
धानेपुर के राजापुर रेतवागाड़ा स्थित बल्दूपुरवा निवासी अभिषेक तिवारी ने सोमवार को बताया कि 23 दिन पहले गांव का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। तब से गांव के लोग गर्मी से परेशान हैं। मोबाइल चार्ज नहीं हो पा रहे है। अन्य दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। जेई, एसडीओ और अन्य अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
सुभागपुर क्षेत्र के विशुनपुर बैरिया निवासी हरपाल सिंह ने बताया कि घर के पास लगा ट्रांसफार्मर नौ दिन पहले फुंक गया था। तब से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग गर्मी से परेशान होकर रात घर के बाहर गुजार रहे हैं।
जेल रोड विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के मुसौली मोकलपुर निवासी नीरज कुमार ने बताया कि सुबह चार बजे से लेकर 11 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। वहीं, जमुनही हदोपट्टी में ट्रांसफार्मर जलने की शिकायत दर्ज कराई गई। झंझरी क्षेत्र निवासी फहद, पूरे शिवा बख्तावर की पायल पांडेय और प्रियंका पांडेय ने कई घंटे से बिजली गुल रहने की शिकायत की। चंदवतपुर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के पूरे उदई निवासी गौतम पांडेय ने केबल टूटकर गिरने की जानकारी दी। मेहनौन के श्रीनगर निवासी हिमांशु त्रिपाठी ने त्रिभुवन नगर में 24 घंटे से बिजली नहीं आने की शिकायत की है।
चुंगी नाका मेवातियान निवासी फराज ने बताया कि बीते 24 घंटे में महज चार घंटे ही बिजली आपूर्ति मिली है। इससे समस्या आ रही है। पोर्टरगंज के अभिषेक ने बताया कि रविवार रात छह बार बिजली कटौती की गई। कटरा बाजार समेत कई क्षेत्रों में तार टूटने से बिजली आपूर्ति ठप रही। रामापुर गांव सहित कई इलाकों में ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने के कारण डेढ़ महीने से आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी है।
सुचारू आपूर्ति के लिए की जा रही पेट्रोलिंग
मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि सुचारू विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए सभी अधीक्षण अभियंताओं को निर्देश जारी किए गए हैं। पीक ऑवर में पेट्रोलिंग कराई जा रही है। कई क्षेत्रों में व्यवस्था सुधारने के प्रयास किए गए हैं। साथ ही लापरवाह अवर अभियंताओं और उपखंड अधिकारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अत्यधिक लोड के कारण दिक्कतें बढ़ रही हैं, इसलिए उपभोक्ताओं से अपील है कि बिजली उपकरणों का कम से कम इस्तेमाल करें।