बुधवार को झालीधाम आश्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ गोंडा की संयुक्त कार्य समिति की बैठक हुई। बैठक को पूर्व अध्यक्ष रामसजन पांडेय ने संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान शैक्षिक सत्र 2015-16 में विगत सत्र के ड्रेस वितरण की 25 प्रतिशत अवशेष धनराशि अधिकारियों की कमियों के कारण विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में अभी तक नहीं पहुंच पाई है।
इसके अलावा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने उक्त धनराशि को शासन को वापस करने की बात कही है। जिसको लेकर शिक्षकों ने वर्ष 2015-16 की यूनीफॉर्म वितरण का बहिष्कार का निर्णय लिया है।
साथ ही शीघ्र ही जिला मुख्यालय पर विशाल धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इसके अलावा दूध वितरण जारी रखने का निर्णय लिया गया है। स्थानांतरण/ पारस्परिक स्थानांतरण के लिए आवेदन पर चुनाव बाद फैसला लिया जाए।
साथ ही मांग की गई कि परिवार नियोजन भत्ता, निलंबित शिक्षकों को बहाल किया जाए तथा वेतन वृद्धि की कार्यवाही तत्काल वापस ली जाए। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ शिक्षामित्रों के मसले पर हर संघर्ष में उनके साथ हैं। इस दौरान अध्यक्ष आनन्द त्रिपाठी, मंत्री विजयनरायन पाण्डेय, कोषाध्यक्ष दिनेश सिंह, द्वारिका प्रसाद मिश्र आदि शिक्षक मौजूद रहे।