फोटो-31-गोंडा में एलबीएस चौराहे के पास धूप से बचने के लिए छाता लेकर जातीं महिलाएं। - संवाद
गोंडा। तेज धूप और बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह करीब 10 बजे के बाद ही सूरज के तेवर इतने तीखे हो गए कि लोग घरों में रहने को मजबूर दिखे। दोपहर होते-होते अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे गर्मी अपने चरम पर नजर आई और सड़कों व बाजारों में सन्नाटा छा गया।
शनिवार को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार की तुलना में अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। गर्म हवाओं के चलते लोगों को कहीं भी राहत नहीं मिली। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अभी से यह स्थिति है, तो मई-जून में गर्मी और विकराल रूप ले सकती है। तेज धूप के कारण बाजारों में दिनभर भीड़ कम रही। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए कोल्ड ड्रिंक, नींबू पानी और गन्ने के रस का सहारा लेते नजर आए। मौसम के तेवर को देखते हुए जल्द ही लू चलने की आशंका भी जताई जा रही है। अभिभावक राजेश पांडेय, सरिता, सारिका आदि ने स्कूलों का समय बदलने की मांग की है।
लू से बचने के लिए यह करें
- आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि हल्के रंग के ढीले व सूती कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय छाता, टोपी या गमछे का इस्तेमाल करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें। ओआरएस, लस्सी, छाछ, नींबू पानी जैसे तरल पदार्थ लें। तेज धूप में काम करने से बचें, संभव हो तो सुबह या शाम के समय कार्य करें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।
इसका रखें ख्याल
मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग की डॉ. काव्या अधिकारी ने बताया कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें। भारी काम और अधिक मेहनत से परहेज करें। बासी या दूषित भोजन का सेवन न करें। बच्चों या पशुओं को बंद वाहनों में न छोड़ें।