झंझरी (गोंडा)। नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली कक्षा नौ की छात्रा के साथ हुई दरिंदगी के मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। जांच में पता चला है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोनों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से मिले वीडियो के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है।
एक युवक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी। इसमें उसने दो फरवरी को बेटी के साथ दो युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने आरोपी संदीप व विकास को पकड़ा था। सेमरा चौकी प्रभारी उदित वर्मा ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों संदीप व विकास को जेल भेज दिया गया है। वहींं, आरोपियों के पास से वीडियो मिला है। इसमें अश्लीलता की पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि वीडियो में छात्रा के साथ एक आरोपी कंधे पर हाथ रखे दिखाई दे रहा है। आरोपी विकास भी कुछ टिप्पणी कर रहा है।
छात्रा ने छोड़ दिया था खाना
पुलिस ने पीड़ित छात्रा व एक आरोपी से पूछताछ की तो पता चला कि संबंधित वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर छात्रा से दुष्कर्म किया। इससे छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी थी। छात्रा ने भोजन तक छोड़ दिया था। स्कूल भी जाना बंद कर दिया था। परिजनों ने पूछताछ की तो किसी तरह उसने आपबीती बताई। चौकी प्रभारी ने बताया कि आरोपी विकास हत्या व गैंगस्टर के मामले में जेल जा चुका है। कुछ दिन पहले ही वह जेल से छूटकर बाहर आया था। प्रथमदृष्टया छात्रा के बयानों के आधार पर जेल भेज दिया गया है। गहनता से छानबीन की जा रही है।