गोंडा। मानव संपदा पोर्टल का सर्वर कई दिन से डाउन होने के कारण बेसिक शिक्षा विभाग का ऑनलाइन सिस्टम प्रभावित हो रहा है। आए दिन सर्वर फेल होने से जिले के करीब 10 हजार शिक्षक परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि दिन में पोर्टल बिल्कुल नहीं चलता। रात में भी आवेदन अधूरा रह जाता है।
शिक्षकों का कहना है कि ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने व अवकाश के लिए आवेदन करने में दिक्कतें आ रही हैं। कई बार लॉगिन करने पर सर्वर नॉट फाउंड का संदेश आता है, जिससे शिक्षकों का काम रुक जा रहा है। बेलसर के कंपोजिट विद्यालय चीरेबसना के शिक्षक यशवंत पांडेय ने बताया कि वे पांच दिन से अवकाश के लिए आवेदन करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन हर बार पोर्टल पर सर्वर नॉट फाउंड दिख रहा है।
वजीरगंज गल्लापुर के शिक्षक उदयभान ने बताया कि दिन में तो सर्वर पूरी तरह ठप रहता है। मजबूरी में रात में आवेदन करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उस समय भी आवेदन पूरा नहीं हो पाता। कई बार जानकारी भरने के बाद पोर्टल खुद ही लॉगआउट हो जाता है। शासन की ओर से पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है, लेकिन पोर्टल के सुचारु संचालन की व्यवस्था नहीं की जा रही। इससे शिक्षक न तो समय पर उपस्थिति दर्ज करा पा रहे हैं और न ही अवकाश से संबंधित कार्य पूरे हो रहे हैं।
उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय ने मानव संपदा पोर्टल के सर्वर को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि शिक्षकों को राहत मिल सके और शैक्षणिक कार्य प्रभावित न हो।