गोंडा। शहर के बहराइच रोड स्थित जगन्नाथपुरी जानकीनगर के रहने वाले गल्ला व्यापारी के घर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। घर के नौकर ने ही अपने मौसेरे भाई संग मिलकर 20 लाख की चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उनका तीसरा साथी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है। दोनों के पास से पुलिस ने 8.13 लाख रुपये व 32,750 रुपये नेपाली करेंसी व तमंचा-कारतूस बरामद किया है।
जिले के प्रतिष्ठित गल्ला व्यापारी कमल मंगल की पिछले सप्ताह एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उनकी पगड़ी के दिन जानकी नगर स्थित घर के चैनल व दरवाजे का ताला खोलकर अंदर घुसे चोरों ने एक कमरे में रखी अलमारी का ताला खोल लिया और उसमें रखी 20 लाख नकदी पार कर दी थी। कमल के बेटे अर्पित ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एएसपी शिवराज ने बताया कि तफ्तीश के दौरान व्यापारी अर्पित के घर काम करने वाले संदीप कुमार उर्फ राममिलन निवासी ग्राम फूलपुर थाना मानपुर जिला सीतापुर व उसके मौसेरे भाई रोहित कुमार निवासी अल्लूनगर न्याय बिहार काॅलोनी थाना मड़ियाव जिला लखनऊ को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने पूछताछ में बताया कि लखनऊ के रहने वाले अपने एक और साथी के संग मिलकर अर्पित के घर से रुपयों से भरा बैग चोरी किया था। उसमें 12.50 लाख रुपये मिले थे।
एएसपी के मुताबिक, गिरफ्तार संदीप व रोहित का तीसरा साथी शेष रुपये लेकर फरार है। एसपी आकाश तोमर ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देकर सम्मानित किया है।
कमल का सबसे विश्वासपात्र था संदीप
-गल्ला व्यापारी कमल की दुकान व घर पर काम करने वालों में संदीप सबसे विश्वासपात्र था। व्यापारी के परिवार के लोग उसे परिवार के सदस्य की तरह तरजीह देते थे। घर में कौन सी चीज कहां रखी है, किसका कितना हिसाब करना है। सारे मामलों में संदीप की दखल थी। सबसे विश्वासपात्र होने के कारण संदीप का घर के सभी कमरों में आना जाना भी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने प्लान के तहत सभी तालों की चाबी का गुच्छा एक माह पहले ही पार कर दिया था।