फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दूसरे चरण में भी वोटरों में दिखा उत्साह

Tue, 13 Oct 2015 11:35 PM IST
बलरामपुर/अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में लोगों ने अपनी सरकार चुनने के प्रति जबरदस्त जागरूकता दिखाई। मंगलवार सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की भारी भीड़ मतदान करने के लिए उमड़ पड़ी। बूथों पर लोग लंबी-लंबी कतारों में मतदान की प्रतीक्षा में खड़े रहे।
विज्ञापन


वृद्ध हों या फिर युवा सबके मन में नए जन प्रतिनिधियों से विकास के नए सपनों का ताना-बाना दिख रहा था। पहली बार वोटिंग करने वाले युवा मतदाता भी उत्साह से लबरेज दिखे।

घरों की दहलीज पार कर महिलाओं ने घूंघट की आड़ में मतदान किया। मतदाता सूची की गडबड़ी के चलते तमाम लोग मतदाता सूची की गड़बड़ी के चलते तमाम लोग मतदान से वंचित भी रहे। पोलिंग बूथ की मतदाता सूची में तमाम खामियां उजागर हुई।
विज्ञापन


अधिकारी लोगों की समस्याओं के प्रति संजीदा नहीं दिखे। पहले चरण के मतदान में हुई हिंसा को देखते हुए दूसरे चरण में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम दिखाई दिए। अमर उजाला टीम ने बूथों पर जाकर मतदान तथा मतदाताओं का मिजाज देखा।

तुलसीपुर ब्लॉक के रमईडीह मतदान केंद्र पर करीब 100 साल की वृद्ध गंगादेई सुबह 10 बजे ही बूथ पर वोट डालने पहुंच गई थी। गंगादेई को बूथ तक उनके परिवारीजन लेकर आए थे। पूछने पर गंगादेई ने बताया कि वह करीब 75 साल से हर चुनाव में मतदान करती आ रही हैं।

गंगादेई का मानना है कि उनके द्वारा चुने जाने वाला जन प्रतिनिधि जनता के प्रति ईमानदार तथा वफादार होना चाहिए। वहीं कोड़री पोलिंग बूथ पर 75 वर्षीय फेरन अपने बेटे की पीठ पर बैैठकर मतदान करने पहुंचे।

मतदान केंद्र जहानडीह के बूथ पर कई मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से गायब मिला। पीठासीन अधिकारी की मतदाता सूची में नाम न होने के कारण मतदाता सत्य नरायन, बड़का व मझिला आदि वोट नहीं डाल सके।

ग्रामीणों का कहना था कि पीठासीन अधिकारी की मतदाता सूची तथा ग्रामीणों के पास मौजूद मतदाता सूची में भिन्नता है। ग्रामीणों के पास जो मतदाता सूची थी उसमें सत्य नरायन का नाम मतदाता क्रमांक 1470 पर मौजूद था लेकिन पीठासीन अधिकारी के पास मौजूद मतदाता सूची में 1470 क्रमांक पर किसी और का नाम लिखा था।

पीठासीन अधिकारी आनंद कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें जो मतदाता सूची मिली है वह मतदान उसी से कराएंगे। बूथ पर ग्रामीणों ने मामले की शिकायत स्टैटिक मजिस्ट्रेट से कर समस्या के समाधान की मांग की है।

पोलिंग बूथ जहानडीह पर पहली बार मतदान करने पहुंची पूजा, प्रियंका, रोली व जरीना का कहना था कि लोकतंत्र में मतदान करना हर मतदाता का परम कर्तव्य है। मतदान से लोकतंत्र मजबूत होता है तथा नागरिक को मनपंसद जन प्रतिनिधि चुनने का मौका भी मिलता है। इनका कहना था कि हम लोगों ने विकास के नाम पर वोट दिया है।

हरैया सतघरवा ब्लॉक के पोलिंग बूथ अकबरपुर कला पर मतदान करने पहुंचे वोटर तालुकदार, दुखीराम व लक्ष्मी नरायन आदि को पीठासीन अधिकारी द्वारा बताया गया कि उनका वोट पहले ही पड़ चुका है।

नाराज मतदाताओं ने डीएम से मामले की जांच कराकर फर्जी वोटिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। इसी बूथ पर रुकसाना व नूरजहां का नाम मतदाता सूची से गायब था। इन लोगों ने बताया कि उनके पति का नाम तो मतदाता सूची में है लेकिन उनका नाम गायब हो गया है।

दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में प्रेक्षक एमएम लाल, डीएम प्रीति शुक्ला, एसपी वीडी शुक्ला व सीडीओ अखंड प्रताप सिंह ने तुलसीपुर तथा हरैया सतघरवा ब्लॉक में लगातार भ्रमणशील रहकर निष्पक्ष व शांतिपूर्ण मतदान का प्रयास किया। इन लोगों ने कई बूथों का निरीक्षण भी किया। इसके अलावा क्षेत्र में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा सुरक्षा कर्मी पूरी तरह से मुस्तैद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें