प्रगति अभियान के अंतर्गत जिले में चल रही खेल कूद प्रतियोगिता का तीसरा चरण सोमवार से प्रारंभ होगा। ब्लॉक मुख्यालयों पर होने वाली इस तीसरे चरण की प्रतियोगिता में दो चरणों के एकल स्पर्धा में सफल होने वाले 256 खिलाड़ी व 96 विजेता टीमों के 1152 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस चरण की तैयारियों को लेकर रविवार को जिले भर के खेल शिक्षक व अनुदेशक ग्राउंड तैयार करने में जुटे रहे।
हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस को खेल दिवस के रूप में मनाने के लिए जिलाधिकारी ने अपने जिस अभिनव कार्यक्रम प्रगति अभियान की शुरुआत की थी वह अभियान अब जिले के युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। ग्राम पंचायत व न्याय पंचायत स्तर के बाद अब इस खेलकूद प्रतियोगिता के तीसरे चरण में ब्लाक स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार से प्रारंभ होगा।
पिछले दो चरणों में शानदार प्रदर्शन कर अपने प्रतिभा का लोहा मनवा चुके खिलाड़ी अब तीसरे चरण की प्रतियोगिता में अपना जलवा बिखेरेंगे। एकल स्पर्धाओं में प्रत्येक ब्लॉक में 16-16 खिलाडियों ने तीसरे चरण की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। जबकि टीम स्पर्धा में प्रत्येक ब्लॉक से 6-6 टीमें तीसरे दौर की प्रतियोगिता में शामिल होने में कामयाब रही हैं।
इसके मुताबिक तीसरे चरण के तहत ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में एकल स्पर्धा के 256 खिलाड़ी व टीम स्पर्धा में 96 टीमों के 1152 खिलाड़ी अपने खेलों का दम दिखाएंगे। रविवार को जिले भर के खेल शिक्षक व शारीरिक शिक्षा के अनुदेशक अपने अपने ब्लाकों पर खेल मैदानों को तैयार करने में जुटे रहे। तीसरे चरण की खेल कूद प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने रविवार को बैठक कर प्रगति अभियान के प्रगति की समीक्षा की अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बिना आईडी प्रूफ के नहीं खेल सकेंगे खिलाड़ी
गोंडा। मारपीट की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी ने प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों को अपना पहचान पत्र लगाने का निर्देश दिया है। अब कोई भी खिलाड़ी बिना आईडी प्रूफ के इस प्रतियोगिता में प्रतिभाग नही कर सकेगा।
तीसरे चरण में ब्लाक स्तर पर आयोजित होने वाले खेल कार्यक्रम
दिनांक समय खेल
12-0916 सुबह 9 बजे उद्घाटन ब्लाक प्रमुख द्वारा
सुबह 9.30 बजे 100 मी दौड़ हीट्स, जूनियर बालक/बालिका
सुबह 10 बजे 100 मी दौड़ हीट्स, सीनियर बालक/बालिका
सुबह 11 बजे 400 मी दौड़ हीट्स, जूनियर बालक/बालिका
दोपहर 12 बजे 400 मी दौड़ हीट्स, सीनियर बालक/बालिका
दोपहर 12.30 बजे 1500 मी दौड़ फाइनल, जू/सी बालक/बालिका
दोपहर 1 बजे लंच
दोपहर 2 बजे खो-खो बालिका
दोपहर 3 बजे वालीबाल बालक
दोपहर 3.30 बजे कबड्डी बालिका
14-09-16 सुबह 9 बजे 100 मी दौड़ फाइनल,जूनियर बालक/बालिका
सुबह 9.30 बजे 100 मी दौड़ फाइनल,सीनियर बालक/बालिका
सुबह 10 बजे 400 मी दौड़ फाइनल,जूनियर बालक/बालिका
सुबह 10.30 बजे 400 मी दौड़ फाइनल,सीनियर बालक/बालिका
सुबह 11 बजे वालीबाल बालिका
सुबह 11.30 बजे कबड्डी बालक
दोपहर 1 बजे लंच
दोपहर 1.30 बजे खो-खो बालक
नोट- पुरस्कार वितरण एवं समापन संबंधित ब्लॉक प्रमुख द्वारा किया जाएगा।