गोंडा। जिले में इस बार स्कूल चलो अभियान को उत्सव का रूप दिया जा रहा है। एक अप्रैल से शुरू होने वाले इस अभियान के तहत बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी 2,609 परिषदीय विद्यालयों को पहले ही दिन आकर्षक ढंग से सजाने और नव प्रवेशित बच्चों का रोली-टीका कर स्वागत करने के निर्देश दिए गए हैं।
नवीन सत्र 2026-27 के पहले दिन विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल बनाने की तैयारी तेज हो गई है। शिक्षक विद्यालयों की साफ-सफाई, रंग-रोगन के साथ गुब्बारे और झंडियों से सजावट कराई जा रही है। अभियान अप्रैल और जुलाई में दो चरणों में संचालित किया जाएगा। जिसमें कम से कम दस फीसदी नामांकन बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। शासन की ओर से प्रत्येक विद्यालय को 2,500 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है, जिसका उपयोग बैनर, जलपान, संपर्क अभियान और अन्य व्यवस्थाओं पर किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में नामांकन बढ़ाने के लिए शिक्षक पंफलेट छपवाकर घर-घर पहुंचाएंगे और गांवों की दीवारों पर चिपकाकर अभिभावकों को जागरूक करेंगे।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों व शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभिभावकों से व्यक्तिगत संपर्क बढ़ाएं और कोई भी बच्चा नामांकन से वंचित न रहे।