गोंडा। कस्बा खरगूपुर के रस्तोगी मोहल्ले के कपड़ा व्यापारी के नौकर पर हमले के आरोप में जेल में बंद विचाराधीन एक बंदी की अचानक तबियत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बंदी के परिवार के लोगों ने खरगूपुर पुलिस की पिटाई के कारण मौत होने का आरोप लगाया है।
खरगूपुर थाना क्षेत्र के छिटनापुर गांव निवासी रिंकू मिश्रा (32)को पुलिस ने आठ दिन पहले गिरफ्तार किया था। रिंकू पर कस्बा खरगूपुर के रस्तोगी मोहल्ले के कपड़ा व्यापारी रमेश चंद्र रस्तोगी के नौकर पर जानलेेवा हमला करने का आरोप था। मामले में कपड़ा व्यापारी रमेश चंद्र रस्तोगी ने थाने में रिंकू के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
तभी से वह जेल में निरुद्घ चल रहा था। 09 अप्रैल की रात जेल में रिंकू अचानक तबियत बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा था। रविवार की देर शाम बंदी रिंकू की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
रिंकू के भाई अविनाश चन्द्र मिश्रा ने का आरोप है खरगूपुर पुलिस की पिटाई के कारण रिंकू की तबियत खराब हुई थी। जिससे उसकी मौत हुई है। उधर थानाध्यक्ष खरगूपुर चितवन कुमार ने बताया कि आरोप निराधार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा है।