डुमरियाडीह/उमरीबेगमगंज। वजीरगंज के रायपुर में शादी समारोह में पिटाई से घायल हुए व्यक्ति की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताए जाने पर परिजन भड़क गए और दाह संस्कार करने से इन्कार कर दिया।
अमदही निवासी निशा सिंह के मुताबिक वह अपने पति शिवदास सिंह (45) के साथ मायके गई थीं। 25 नवंबर की शाम रामधीरज सिंह, शंभू सिंह, प्रमोद सिंह, राजेश सिंह और अर्जुन सिंह नशे में वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर उनके पति को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल शिवदास की अस्पताल में उपचार के दौरान बुधवार देर शाम मौत हो गई।
पुलिस ने निशा सिंह की तहरीर पर पांचों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बृहस्पतिवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया गया, जिसके बाद परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने इस रिपोर्ट पर आपत्ति जताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की और दाह संस्कार से इन्कार कर दिया। परिजन शव को गांव में ही रोके रहे, जिससे हालात तनावपूर्ण बने रहे।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार को शव को पुनः पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर विवेचक द्वारा कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)