गोंडा। देहात कोतवाली क्षेत्र की सालपुर पुलिस चौकी में बृहस्पतिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक आरोपी ने नोटिस तामील कराने के लिए बुलाए जाने पर चौकी प्रभारी से अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपी ने दरोगा की वर्दी पर लगा पुलिस का मोनोग्राम नोंचकर फेंक दिया, सरकारी कागजात फाड़ डाले और एससी-एसटी एक्ट के केस में फंसाकर दो मिनट में सस्पेंड कराने की धमकी दी। पुलिस ने चौकी प्रभारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के परसिया आज्ञाराम गांव निवासी कृष्णावती ने गांव के अवधेश कुमार सोनकर के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराई थी। इसकी विवेचना के लिए एसीजेएम द्वितीय की अदालत में प्रार्थनापत्र दिया था। एसीजेएम द्वितीय के आदेश पर चौकी प्रभारी सालपुर सौरभ कुमार उक्त एनसीआर की विवेचना कर रहे है। उन्होंने बयान के लिए आरोपी अवधेश कुमार सोनकर को नोटिस जारी किया। हल्का सिपाही नोटिस का तामीला कराने अवधेश के घर गए तो वह नहीं मिला। सिपाहियों ने परिवार वालों को बताया कि चौकी पर आकर नोटिस का तामील करा लें।
चौकी प्रभारी सौरभ कुमार ने बताया कि 29 जनवरी की दोपहर दो बजे आरोपी अवधेश चौकी पर आया और गालीगलौज करते हुए एससी/एसटी एक्ट का केस लिखाकर दो मिनट में सस्पेंड कराने की धमकी दी। नोटिस भी तामील नहीं किया। वर्दी का मोनोग्राम और मेज पर रखे कागजात फाड़कर फेंकने के बाद उनसे भिड़ गया। मारपीट करने लगा। गिरफ्तार करने का प्रयास किया तो वह भाग गया।
कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि देर शाम आरोपी अवधेश को कचहरी गेट के पास से गिरफ्तार किया गया है।