गोंडा। 84 कोसी परिक्रमा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 19 से 21 नवंबर तक परिक्रमा दल जिले के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम ने मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।
विश्व हिंदू परिषद के हनुमान मंडल के परिक्रमा प्रमुख सुरेंद्र सिंह की देखरेख में महाराष्ट्र के बीड़ जिले से आए करीब तीन अध्यापकों और 30 से 32 विद्यार्थियों का दल परिक्रमा कर रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 19 नवंबर को दल परसपुर के जंबूदीप घाट से राजापुर भैरवदास कुट्टी और पसका होते हुए वाराही माता मंदिर पहुंचेगा। यहां रात्रि विश्राम करेगा।
20 नवंबर को दल अष्टावक्र मुनि आश्रम और रामघाट होते हुए तरबगंज के शरीफगंज बाजार पहुंचेगा। यहां रात्रि विश्राम के बाद 21 नवंबर को तुलसीपुर मांझा होते हुए बस्ती के लिए रवाना होगा। 22 नवंबर को बस्ती के मखौड़ा धाम में परिक्रमा संपन्न होगी।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को परिक्रमा के पड़ाव स्थलों पर एंबुलेंस, चिकित्सकों की उपलब्धता, शुद्ध पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा है।