गोंडा। यूपी डायल 112 के प्रभारी की प्रताड़ना से परेशान होकर एक कैंसर पीड़ित होमगार्ड चालक ने फंदे से लटक कर जान दे दी। होमगार्ड चालक का शव उनके कमरे में लटकता मिला तो परिवार में कोहराम मच गया। मौत को गले लगाने से पहले होमगार्ड ने डीएम को संबोधित सुसाइड नोट लिखा है। जिसमें उन्होंने अफसरों पर नियमों को ताक पर रखकर ड्यूटी लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के लल्लन पुरवा गांव के रहने वाले होमगार्ड अखिलेश तिवारी डायल 112 टीम के साथ होमगार्ड चालक के पद पर कार्यरत थे। वे कैंसर पीड़ित थे और वर्तमान में उनकी ड्यूटी रिजर्व पुलिस लाइन में लगी थी। बुधवार को वे अपनी ड्यूटी पूरी कर घर वापस लौटे थे। देर शाम उन्होंने अपने कमरे में फंदे से लटक कर जान दे दी।
परिवार के लोग उन्हें बुलाने गए तो उनका शव फंदे से लटकता मिला। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। होमगार्ड अखिलेश के पैंट की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें अखिलेश ने डायल 112 के प्रभारी को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। जिलाधिकारी के नाम सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा है कि उन्हें कैंसर हुआ तो विभाग से कोई मदद नहीं मिली। उपचार के बाद किसी तरह वे ड्यूटी पर वापस लौटे तो उनकी ड्यूटी धानेपुर थाने पर दो पहिया वाहन पर लगा दी गई। एक महीने तक ड्यूटी करने के बाद तत्कालीन एसपी आकाश तोमर ने अखिलेश की बीमारी को देखते हुए उनकी ड्यूटी रिजर्व में लगाने का निर्देश दिया तो उन्हें रिजर्व ड्यूटी पर तैनात कर दिया गया।
सुसाइड नोट में डायल 112 के प्रभारी पर गंभीर आरोप
रिजर्व ड्यूटी के दौरान डायल 112 प्रभारी उनसे आठ घंटे के बजाय 12 घंटे की ड्यूटी ले रहे थे। अखिलेश ने सुसाइड नोट में लिखा है कि उन्होंने डायल 112 प्रभारी से मिलकर अपनी परेशानी बताई और बीमारी का हवाला देकर आठ घंटे की ड्यूटी लेने की फरियाद की। लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। पत्र में अखिलेश ने यह भी लिखा है कि वह नवागत एसपी अंकित मित्तल से मिलना चाहते थे, लेकिन मिलने नहीं दिया गया। नियमों को ताक पर रखकर उनकी ड्यूटी लगाई जाती रही। होमगार्ड के सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है।
होमगार्ड के आत्महत्या किए जाने की जानकारी मिली है। वे कैंसर से पीड़ित था। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों समेत अन्य सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है।
शिवराज, अपर पुलिस अधीक्षक