विश्नोहरपुर। गोपसराय के अहिरन पुरवा निवासी दसवीं के छात्र शिवा (15) की मौत का रहस्य दूसरे दिन भी बरकरार रहा। पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर रात शिवा का शव घर पहुंचा। माता-पिता, दादी और छोटा भाई भी दिल्ली से आ गए। सोमवार को अयोध्या में अंतिम संस्कार किया गया।
मृतक की मां कल्पना का कहना है कि शिवा की हत्या हुई है। उन्होंने कहा कि शिवा पर किसी प्रकार का तनाव या दबाव नहीं था। मां ने बताया कि रात 10ः58 बजे बेटे ने फोन कर कहा था, ‘मम्मी हमने सोचा आप जाग रही हो।’ इसके बाद फोन कट गया। वह नींद में थीं, इसलिए वापस फोन नहीं कर सकीं। उन्होंने कहा कि यह उनके बेटे की आखिरी आवाज होगी, इसका अंदाजा नहीं था। दादी उर्मिला ने आरोप लगाया कि किसी ने उसे मारकर पानी की टंकी के पास शव रख दिया।
कई सवाल जिनके जवाब नहीं
शिवा की मौत कई सवाल खड़े कर रही है। जिस पानी की टंकी से कूदने की बात सामने आ रही है, उसकी ऊंचाई काफी है। ऐसे में गिरने पर शरीर के क्षत-विक्षत होने की संभावना रहती है, लेकिन हाथ-पैर प्रथम दृष्टया टूटे नहीं थे। घटनास्थल पर न तो खून के निशान मिले और न ही ऊंचाई से किसी भारी वस्तु के गिरने के संकेत। यदि शिवा ने टंकी से कूदकर जान दी, तो जैकेट और मोबाइल टंकी के ऊपर क्यों मिले? थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।