आरपीएफ पोस्ट पर लड्डू गोपाल की मूर्ति के साथ फर्रुखाबाद के सोनू राठौर व उपनिरीक्षक। स्रोत: आरपी
गोंडा। बिछड़े लड्डू गोपाल से मिलन पर भक्त की आंखें भर आईं। गोंडा जंक्शन स्थित आरपीएफ पोस्ट में सोमवार को ये नजारा जिसने देखा वो भाव विभोर हो गया। दरअसल, फर्रुखाबाद के गोसाईंगंज निवासी सोनू राठौर 26 अप्रैल को ट्रेन संख्या 15622 से दिल्ली से सीतापुर जा रहे थे। सीतापुर पहुंचने पर वह अपना सामान लेकर ट्रेन से उतर गए। मगर उनकी डोलची सीट पर ही छूट गई। उसमें लड्डू गोपाल, बांके बिहारी और राधा रानी की मूर्तियां थीं। सोनू ने डोलची ट्रेन में छूटने की शिकायत दर्ज कराई। कुछ देर बाद पता चला कि सोनू के लड्डू गोपाल की डोलची गोंडा में बोगी से उतारकर आरपीएफ पोस्ट में रखी गई हैं। सोनू राठौर सोमवार को गोंडा पहुंचे तो अपने लड्डू गोपाल को पाकर भावविह्ल हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने आरपीएफ का आभार जताया। (संवाद)