गोंडा। मनकापुर के जिगना बाजार में मजदूर कोईली की हत्या महज तीन सौ रुपये की उधारी न चुकाने पर हुई थी। पुलिस की गिरफ्त में आए हत्या आरोपी मजदूर अमित से पूछताछ में ये खुलासा हुआ है। कोईली अपने साथी अमित के साथ हिमाचल प्रदेश व गुजरात में रहकर काम करते थे। हिमाचल प्रदेश में ही तीन सौ रुपये के लिए अमित ने कोईली की हत्या करना ठान लिया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी अमित को रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सीतापुर के थानगांव थाना क्षेत्र के ग्वारी गांव के रहने वाले कोईली भार्गव (25) छोटे भाई रामकिशुन, बहनोई राजेंद्र, गांव के प्रेम व अमित के साथ मनकापुर के चौकनिया धुसवा गांव निवासी सूरज सिंह के घर में मजदूरी करने आए थे। जहां शनिवार शाम अमित अपने साथ कोईली को लेकर जिगना बाजार गया था। देर रात अमित शराब के नशे में लौट आया था।
रामकिशुन ने कोईली के बारे में पूछा तो अमित ने कहा कि उन्हें मारकर फूंक दिया है। रविवार सुबह जिगना बाजार में सड़क किनारे खंती में कोईली का अधजला शव मिला था। रामकिशुन ने अमित के खिलाफ हत्या व साक्ष्य छिपाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
एएसपी पूर्वी मनोज कुमार रावत ने बताया कि अमित को गिरफ्तार कर लिया गया। उसने पूछताछ में बताया कि वह कोईली के साथ हिमाचल प्रदेश व गुजरात में एक साथ रहकर काम करता था। हिमाचल में कोईली ने उससे तीन सौ रुपये उधार लिए थे। जब वह कोईली से अपनी रकम मांगता तो वह लौटाने से मना कर देते थे। हिमाचल प्रदेश में ही अमित ने कोईली को ठिकाने लगाने की ठान ली थी। मगर मजदूरी के दौरान कोईली के साथ उनके भाई रामकिशुन रहते थे। इसलिए अमित हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। शनिवार को अमित बहाने से कोईली को अपने साथ जिगना बाजार ले गया था। वहां अमित ने कोईली को शराब पिलाकर नशे में कर दिया। इसके बाद जिगना बाजार में ही सड़क किनारे खंती में गमछे से गला कसकर उनकी हत्या करके शव फूंक दिया था।