गोंडा। साहब!.. पति परदेस से नहीं लौटा तो गांव के युवक ने बच्चों की परवरिश का भरोसा दिया। इसके बाद दोनों ने पहले नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मंदिर में शादी की। फिर गत 13 मार्च 2024 को कोर्ट मैरिज कर ली। मगर अब प्रेमी ध्यान नहीं दे रहा है। वह दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा है। रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र में कौड़िया के एक गांव की महिला की व्यथा सुनकर परामर्शदाता अचंभित हो गए।
परामर्शदाताओं ने महिला से पूछा कि वह क्या चाहती है? वह बोली प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है। मगर युवक ने उसके साथ रहने से मना कर दिया। दोनों के बीच विवाद न सुलझता देखकर परामर्शदाताओं ने 23 मार्च को सुनवाई तारीख तय कर दी। इस तरह परिवार परामर्श केंद्र में 37 मामलों की सुनवाई होनी थी। मगर 14 मामलों में कोई भी पक्ष नहीं पहुंचा। छह मामलों में सब कुछ ठीक होने पर छह पत्रावलियां बंद कर दी गईं। इस दौरान परामर्शदाता गंगाधर शुक्ल, यशोदानंदन त्रिपाठी, संतोष ओझा, राजमंगल मौर्य और अनीता श्रीवास्तव के साथ ही सीओ शिल्पा वर्मा, थानाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, आरक्षी ज्योति राजभर और नेहा सिंह आदि मौजूद रहीं।